Saturday, 8 September 2018

सामायिक दिवस

                                                  लाख खंडी सोनातणी, लाख वर्ष दे दान।  
                                                      सामायिक तुल्‍य नहीं, कहा ग्रन्‍थ दरम्‍यान !  
                     साधना की पहली सीढ़ी सामयिक है 
                                                             लेखक - उत्तम जैन ( विद्रोही )  
एक शुद्ध सामायिक की साधना से अन्तर्मुहूर्त में अनन्त कर्मों की मोटी मोटी शिलाएँ चकनाचूर हो जाती है ।एक शुद्ध सामायिक का फल हम जानते हैं ।पूणिया श्रावक की एक शुद्ध सामायिक की क़ीमत के सामने सम्राट श्रेणिक के पूरे राज्य की सम्पदा , वैभव सब नगण्य - तुच्छ । तभी तो कहा है कि -
लाख खण्डी सोना तणी
लाख बरस दें दान
एक सामायिक ना तुले
भाख गये भगवान
  
सामायिक का फल --एक शुद्ध सामायिक करने से --92 करोड़ ,59 लाख ,25 हजार ,925 पल्योपम नरक गति का अशुभ - बंध टूटता है और देव - गति रुप पुण्य बँधता है ।कोई व्यक्ति अगर कहें कि मैं रोजाना सामायिक करता हूँ , तो वो चिन्तन करें कि - रोजाना सामायिक करने से 
• क्या मेरे कषायों का उद्दीपन कम हुआ ?
• आत्मशुद्धि व व्यवहारशुद्धि हुई ?
• क्या सबको आत्मतुला समझा ?
कथा -एक युवक जंगल में लकड़ी काटने गया । शाम को ख़ाली हाथ लौटा । माँ ने उपालम्भ देते हुए कहा - क्या जंगल में एक भी पेड़ नहीं मिला ?युवक ने बहुत ही मार्मिक उत्तर दिया - माँ अनुभव जरुर मिला । 
मां कुछ समझी नहीं ।  युवक ने कहा - माँ , मैंने जैसे ही पेड़ को कुल्हाड़ी से काटना चाहा , मुझे अनुभव हुआ कि जैसी प्राणधारा मुझमें है वैसी ही इस पेड़ में है । पेड़ को काटने में मेरे हाथ काँप उठे , मैं पेड़ काट न सका ।यह है समता की साधना ,यह है सामायिक की निष्पत्ति । हम भी ऐसी समतामय सामायिक की साधना करके मोक्ष की मंज़िल की ओर तीव्र गति से क़दम आगे और बढ़ायें 
धार्मिक जीवन का सबसे बड़ा सूत्र है - समता का साधना , सामायिक की आराधना  सामायिक साधना तब प्राप्त होती है जब हम मन को निर्विचार कर लेते हैं ।सामायिक संवर की प्रक्रिया है । इससे प्रकम्पन बन्द हो जाते हैं और तब चाहे लाभ अलाभ ,सुख -दुख निन्दा -प्रशंसा हमारे लिए कुछ नहीं है । क्योंकि उन प्रकम्पनों को ग्रहण करने के द्वार हमने बंद कर दिये । खिड़की बंद कर दी , अब चाहे तूफ़ान आये या आँधी , तूफ़ान भीतर नहीं आयेगा । हम सुरक्षित हैंं ।मालिक जाग जाता है ,यानि व्यक्ति में जागरण घटित हो जाता है तब तब चोर घर में नहीं रह सकते । वैसे ही व्यक्ति में समता की लौ जग जाती है तब क्रोध , मान , माया ,लोभ यानि कषायों का लश्कर भी विदाई ले लेते हैं ।समता यानि अमृत की वर्षा ।आत्मिक उन्मेष होना ही सामायिक है ।जागना ही सामायिक है ।निर्विचारता की स्थिति में केवल सामायिक होती है ।सामायिक का होने का मतलब है - समता में होना ।समय का अर्थ है - आत्मा ।आत्मा में होना ही सामायिक है ।
सामायिक करते करते समता के नए अंकुर प्रस्फुटित होने लगते हैं । एक दिन ऐसा आ जाता है कि समता का कल्पवृक्ष हरा - भरा , शीतल छाँव और मनोकामना की पूर्ति करने वाला बन जाता है , जिसकी छाया में आनन्ूपुर्वक जीवन जीया जा सकता है ।यदि हम सही मायने में सामायिक करना जान लें तो कामधेनु हो या चिन्तामणि रत्न हो या समता का कल्पवृक्ष हो सब हमारे हाथ में है ।सम्भव है इसकी प्राप्ति में कुछ समय लगे । किसान भी फ़सल उगाता है तो फ़सल तैयार होने में पुरुषार्थ व समय लगता है ।सामायिक का अभ्यास करते करते समता का कल्पवृक्ष हमारे जीवन में आनन्द ही आनन्द भर देता है ।
सामायिक केवल मुँह बाँध कर बैठ जाना ही नहीं है । सामायिक में १८ पाप का त्याग करते हैं , जैसे - प्राणातिपात पापस्थान है , उस वृत्ति को कैसे मिटाएँ , उस गाँठ को कैसे खोला जाए , यह चिन्तन सामायिक में होना चाहिये ।सामायिक की साधना में एक एक वृत्ति पर चिन्तन ,मंथन ,अनुप्रेक्षा की जाए तो चिन्तन करते- करते चिन्तामणि हाथ में आ जाती है ।सामायिक उसके होती है जो सब प्राणियों के प्रति सम रहता है , जहाँ कषाय आ गया वहाँ सामायिक नहीं होती ।
सामायिक का तो स्वरुप ही है - समभाव ।
एक शब्द में कषाय का शमन ही है - सामायिक ।
यदि यह पूछा जाए -
एक शब्द में भगवान् महावीर का धर्म क्या है ?
तो इसका उत्तर होगा - सामायिक ।
भगवान महावीर ने कहा - पहली आवश्यकता है - सामायिक ।
इसकी साधना किए बिना कोई भी आध्यात्मिक क्षेत्र में प्रवेश नहीं तर सकता ।सामायिक भगवान महावीर के समूचे धर्म का सार है । समता कोँ छोड़ने पर महावीर के धर्म में शून्यता रहेगी । आदि से अन्त तक सारा धर्म ही सामायिक है ।जीवन में समता का प्रवेश हो जाए तो फिर कुछ पाना शेष नहीं रहता ।सामायिक की साधना बहुत बड़ी साधना है, बहुत पवित्र साधना है , १८ पापों से दूर होने की साधना है ।सावद्य योगों के प्रत्याख्यान का नाम ही है - सामायिक ।जो क्षण हमारे शांति के बीच बीतते हैं , वह सामायिक है। जीवन का कौन सा क्षण हमारे पूरे जीवन को बदल दे , कहा नहीं जा सकता ।अत: हमें रोजाना पूज्यप्रवर महाश्रमण जी द्वारा निर्देशित एक अभिनव - सामायिक जिसमें ध्यान, कायोत्सर्ग , जप , मौन , स्वाध्याय शामिल हो , अवश्य करके मुक्तिपथ पर अग्रसर होने का प्रयास करना चाहिये । दोला़यमान व कर्मों का बंध हो वो नाममात्र व दिखावे की सामायिक हम न करें -
सास - बहू की इस पुरानी कथा से हम अनभिज्ञ नहीं है -
' सामायिक में समता भाव,
गुड़ की भेली कुत्तो खाव ,
बोलूँ तो सामायिक जाव ,
न बोलूँ तो गुड़ की भेली जाव ।।
एक सामायिक का मूल्‍य-   राजा श्रेणिक ने, भगवान महावीर से एक सामायिक का मूल्‍य पूछा, तो भगवान ने उत्तर दिया- ‘हे राजन् ! तुम्‍हारे पास जो चाँदी, सोना व जवाहर राशि हैं, उनकी थैलियों को ढेर यदि सूर्य और चाँद को छू जाएँ, फिर भी एक सामायिक का मूल्‍य तो क्‍या, उसकी दलाली भी पर्याप्‍त नहीं होगी।’ 
सामायिक मन को स्‍थिर रखने की अपूर्व क्रिया है, आत्‍मिक अपूर्व शांति प्राप्‍त करने का संकल्‍प है, परम पद पाने का सरल और सुखद मार्ग है। अखंडानंद प्राप्‍त करने का गुप्‍त मंत्र है, दु:ख समुद्र को तिरने का श्रेष्‍ठ जहाज है। अनेक कर्मों से मलीन हुई आत्‍मा को परमात्‍मा बनाने का सामर्थ्‍य सामायिक क्रिया में ही है। यह क्रिया करने से आत्‍मा में रहे दुर्गुण नष्ट होकर, सद्गुण प्राप्‍त होते हैं और परम शांति का अनुभव होता है एक आत्‍मा प्रतिदिन लाख मुद्राओं का दान करती है और दूसरी मात्र दो घड़ी की शुद्ध सामायिक करती है, तो वह स्‍वर्ण मुद्राओं का दान करने वाली आत्‍मा, सामायिक करने वाले की समानता प्राप्‍त नहीं कर सकती। आर्त और रौद्र ध्‍यान को त्‍याग कर संपूर्ण सावद्य (पापमय) क्रियाओं से निवृत्त होना और एक मुहूर्त पर्यन्‍त मनोवृत्ति को समभाव में रखना- इसका नाम ‘सामायिक व्रत’ है। 
सामायिक के लाभ 
1- सामायिक करने वाला, दो घड़ी के लिए समस्‍त पाप क्रियाओं का परित्‍याग कर देता है, जिससे उसके नए अशुभ कर्मों का बंधन बहुत रुक जाता है। उपरांत पुरानों की निर्जरा होती है तथा उत्तम पुण्‍यों का संचय होता है। 
2- सामायिक से धार्मिक आत्‍म-गुणों का विकास होता है, क्‍योंकि उसमें अशुभ तथा अशुद्ध क्रियाओं के वर्जन और शुभ शुद्ध क्रियाओं के सेवन का शिक्षण = अभ्‍यास किया जाता है। 
3- जैसे- जहाँ रानी मधुमक्‍खी बैठती है, वहाँ दूसरी मधुमक्‍खियाँ छत्ते को बाँधकर, मधु का संचय करती हैं। वैसे ही, सामायिक भी रानी मधुमक्‍खी के समान है। सामायिक की साधना प्रारंभ करने पर उसमें स्‍वाध्‍याय, जप, ध्यान, भावना आदि साधना के कई अंग गतिशील होते हैं और फिर उसमें भावरूप मधु का संचय होता है। 
4- सामायिक धार्मिक-आध्‍यात्‍मिक व्‍यायामशाला के समान है, जिसमें आत्‍मा भाव-व्‍यायाम करके, अपने सद्गुणों को पुष्‍ट करता है। 
5- सामायिक वस्‍तुत: ‘साधुत्‍व का पूर्व अभ्‍यास’ है। आत्‍मा को परमात्‍म-स्‍वरूप में रूपांतरण की प्रक्रिया ‘साधुत्‍व’ है। अत: यह बात सहज में ही सिद्ध हो जाती है कि सामायिक का सच्‍चा आराधक साधु-स्‍वरूप तथा परमात्‍मा-स्‍वरूप पाने के उपाय का सेवन कर रहा है।

स्वाध्याय का महत्व जैन साधना में -- स्वाध्याय दिवस - उत्तम जैन ( विद्रोही )

                                                 Study Of The Self =  स्वाध्याय 
                                                    लेखक - उत्तम जैन ( विद्रोही )   
         शब्द से अर्थ की ओर तथा अर्थ से भाव की ओर बढ़ना ही स्वाध्याय का मूल लक्ष्य  है 

स्वाध्याय का शाब्दिक अर्थ है- 'स्वयं का अध्ययन करना'। यह एक वृहद संकल्पना है जिसके अनेक अर्थ होते हैं। विभिन्न हिन्दू दर्शनों में स्वाध्याय एक 'नियम' है। स्वाध्याय का अर्थ 'स्वयं अध्ययन करना' तथा वेद एवं अन्य साहित्यों का पाठ करना भी है। जीवन-निर्माण और सुधार संबंधी पुस्तकों का पढ़ना, परमात्मा और मुक्ति की ओर ले जाने वाले ग्रंथों का अध्ययन, श्रवण, मनन, चिंतन आदि करना स्वाध्याय कहलाता है। आत्मचिंतन का नाम भी स्वाध्याय है। अपने बारे में जानना और अपने दोषों को देखना भी स्वाध्याय है। स्वाध्याय के बल से अनेक महापुरुषों के जीवन बदल गए हैं। शुद्ध, पवित्र और सुखी जीवन जीने के लिए सत्संग और स्वाध्याय दोनों आधार स्तंभ हैं। सत्संग से ही मनुष्य के अंदर स्वाध्याय की भावना जाग्रत होती है। स्वाध्याय का जीवन निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है। स्वाध्याय से व्यक्ति का जीवन, व्यवहार, सोच और स्वभाव बदलने लगता है।
प्राचीनकाल से ही भारत में स्वाध्याय की परम्परा चली आ रही है। स्वाध्याय शब्द की व्युत्पत्ति स्व अधि आया के रूप में हुई है जिसका अर्थ है अपने आपको अपनी आत्मा का अध्ययन व अपने आत्मस्वरूप का बोध। ऐसा होने में शास्त्र अवलम्बन है अत: शास्त्राध्ययन भी इसका आशय है। प्राचीन काल में भारत में गुरुकुलों में ज्ञान प्रदान किया जाता था। उस समय विद्यार्थी की शिक्षा समाप्त होने पर आचार्य शिष्य को विदा करने के समय कहते थे, 'वत्स!' तुमने अब अपना अध्ययन सम्पूर्ण किया। अब तुम जीवन के क्षेत्र में इस सीखे हुए ज्ञान को चरितार्थ करने के लिये प्रवेश कर रहे हो। मैं तुम्हारी सफलता की कामना करता हूं। तुम जीवन में तीन बातों को हमेशा याद रखना  अर्थात् तुम जीवन में सत्य का अनुसरण करना, धर्म का आचरण करना और स्वाध्याय में कभी प्रमाद मत करना। उस समय स्वाध्याय करने पर बहुत जोर दिया जाता था 
स्वाध्याय क्या है ? 
हम साहित्य को  दो श्रेणियों में विभक्त कर सकते हैं। श्रेयसकारी और प्रेयसकारी।  श्रेयसकारी साहित्य जीवन का कल्याण करने वाला, उसे ऊंचा उठाने वाला होता है, प्रेयसकारी साहित्य मनुष्य का मनोरंजन करने वाला होता है। स्वाध्याय के अंतर्गत वह सब साहित्य आता है जो मनुष्य की उदात्त भावनाओं को जागृत करता है तथा उसे सत्कर्म करने की प्रेरणा देता है। स्वाध्याय का अर्थ केवल करना नहीं, आत्म चिंतन, विचारशीलता व जागरुकता भी है। जिस व्यक्ति में जागरुकता है वही अपने स्वयं का व अपने समाज का उत्थान कर सकता है। स्वाध्याय का लक्ष्य स्वाध्याय में हमारा लक्ष्य क्या है, यह समझना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि केवल मात्र कुछ पुस्तकों को कुछ समय के लिये पढ़ लेना वास्तविक रूप में स्वाध्याय नहीं है। स्वाध्यय का लक्ष्य है 'स्व' अर्थात् अपने आत्म-स्वरूप की जानकारी। मैं कौन हूं। मेरे जीवन का लक्ष्य क्या है, मुझे क्या कर्म करने चाहिये और क्या नहीं करने चाहिये, इन सब का ठीक प्रकार से ज्ञान प्राप्त करना स्वाध्यायी का उद्देश्य है। मेने एक जैन आचार्य द्वारा लिखित शास्त्र मे पढ़ा था जैन धर्म में इसे भेद विज्ञान कहते हैं अर्थात् यह अनुभव करना कि शरीर और आत्मा अलग-अलग हैं। नश्वर शरीर के भीतर जो अविनश्वर चिरंतन आत्म-तत्व है, उसका चिंतन व बोध प्राप्त करना। भगवान महावीर ने कहा......
, 'जे एगे जाणन से सव्वं जाणई।' 
अर्थात् जो एक (आत्मा) को जानता है वह सब (जगत) को जानता है। इसी बात को आधुनिक युग में स्वामी विवेकानंद ने अभिव्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मात्र विभिन्न सूचनाओं का संग्रह नहीं है जो हमारे मस्तिष्क में ठूंस ठूंस कर भर दिये जाते हैं और जो बिना आत्मसात् हुए वहां हमेशा गड़बड़ मचाते रहते हैं। हमें उन विचारों की आवश्यकता है जो 'जीवन निर्माण', 'मनुष्य निर्माण' तथा 'चरित्र निर्माण' में सहायक हों। इस प्रकार की 'मनुष्यत्व' का ज्ञान प्रदान करने वाली शिक्षा प्राप्त करना ही स्वाध्याय का लक्षण है। स्वाध्याय का महत्व जैन साधना में स्वाध्याय को बहुत महत्व दिया गया। भगवान महावीर ने कहा कि स्वाध्याय महान तप है। बारह प्रकार के आंतरिक के बाह्य तपों में स्वाध्याय के समान तप न तो है, न हुआ है और न होगा। श्री उत्तराध्ययन सूत्र में भगवान से पूछा गया, 'हे भगवान! स्वाध्याय करने से जीव किस बात का लाभ प्राप्त करता है?' भगवान ने उत्तर दिया, 'सज्झाएणं नाणावर णिज्जं कम्मं खवेई।' अर्थात स्वाध्याय से जीव ज्ञानावरणीय (ज्ञान को रोकने वाले) कर्मों का नाश करता है। भगवती सूत्र में प्रभु महावीर ने बतलाया कि सही प्रकार से स्वाध्याय करने से मनुष्य अपने जीवन के सर्वोच्च लक्ष्य अर्थात् परमात्म-स्वरूप को प्राप्त कर सकता है। स्वाध्याय के अंग जैन शास्त्रों में स्वाध्याय के बारे में विशद विवेचना मिलती है। प्राचीन काल में जब पुस्तकों का प्रचलन नहीं था, तब भी स्वाध्याय किया जाता था। उस समय ज्ञान को कंठस्थ रखने का रिवाज था। शिष्य गुरुजनों से शास्त्र श्रवण कर उन्हें अपनी स्मृति में संजो कर रखते थे। वेदों को 'श्रुति' और आगम की श्रुत कहा गया, यह इसी तथ्य का सूचक है। आचार्य कुदकुंद ने लिखा है  अन्य सभी व्यक्ति इंद्रियों की आंख वाले हैं पर साधु आगम की आंख वाला है। कहने का तात्पर्य यह है कि साधक निरंतर आगम ज्ञान पर चिंतन मनन करता रहे तथा आगम के आधार पर ही अपने जीवन का संचालन करें। स्वाध्याय कैसे करें सत्साहित्य का अध्ययन करना स्वाध्याय कहलाता है लेकिन यह स्वाध्याय किस प्रकार से किया जाए इस पर विचार करने की आवश्यकता है। स्वाध्याय में पूरा मन लगाना चाहिए। आचार्य विनोबा भावे के अनुसार स्वाध्याय गंभीरता पूर्वक करना चाहिये। उन्होंने लिखा है, अध्ययन में महत्व लम्बाई, चौड़ाई का नहीं गंभीरता का है। बहुत देर तक घंटों भांति-भांति के विषयों के अध्ययन करने को मैं लम्बा-चौड़ा अध्ययन कहता हूं। समाधिस्थ होकर नित्य थोड़ी देर किसी एक निश्चित विषय के अध्ययन को मैं गंभीर अध्ययन कहता हूं। दस-बारह घंटे सोना पर करवटें बदलते रहना-ऐसी नींद में विश्रांति नहीं मिलती बल्कि पांच छह घंटे सोयें, किंतु गाढ़ी और नि:स्वप्न निद्रा हो, तो उतनी नींद से पूर्ण विश्रांति मिल सकती है। यही बात अध्ययन की भी है। गंभीरता अध्ययन का मुख्य तत्व है।' 



Friday, 7 September 2018

खाद्य संयम दिवस - निरोगी जीवन जीने का महत्वपूर्ण रहस्य - उत्तम जैन ( विद्रोही )



खाद्य संयम दिवस - लेखक - उत्तम जैन (विद्रोही )
जब-तब खाने का भाव मिटायें |
कैसे कितना कब खाएं |
नियमित भोजन शुद्ध हवा है |
भोजन को सात्विक करना होगा |
भोजन करते समय नहीं हो,
ईर्ष्या, क्रोध, घृणा के भाव |
इनसे होते आँतों में घाव |
' संयम से खाना जीवन '
इस "वीर" वचन को रखना याद ||

तेरापंथ धर्मसंघ मे पर्युषण का प्रथम दिवस खाद्य संयम दिवस दिवस के रूप मे मनाया जाता है !  खाध्य संयम का अर्थ है खाने का संयम वेसे हमे सिर्फ इस दिन ही खाने का संयम नहीं रखना है निरोगी रहने के लिए जीवन मे खाने का संयम बहुत जरूरी है! हमे जब ही खाना खाना चाहिए जब  हमे भूख लगे   तब हम खाना खाते है तो पाचन अच्छे से होता है छोटी आंत , बड़ी आंत , पक्वाशय ,लीवर पर अतिरिक्त भार  नहीं पड़ता है फलस्वरूप हमे गेस , आम्लपित , अपचन की शिकायत नहीं होती है ! आज विज्ञान भी इससे सहमति व्यक्त करता है 
श्रावण मास में आहार संयम का महत्व:  आहार संयम निश्चित ही एक करने योग्य तप है। उपवास और बेला (दो दिन का, तीन दिन का उपवास) आदि तपस्याएं उसके अंतर्गत हैं। श्रावण-भाद्र मास में जैन लोग विशेष रूप से इस तप का प्रयोग करते हैं। यथाशक्ति, यथास्थिति वह होना भी चाहिए। कुछ लोग शारीरिक दुर्बलता अथवा अन्य व्यस्तताओं के कारण तपस्या नहीं कर पाते। उन्हें निरुत्साह होने की जरूरत नहीं। उन्हें 'ऊनोदरी' पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। निर्जरा के बारह भेदों में दूसरा भेद है ऊनोदरी। 'ऊन' का अर्थ है न्यून, कम। उदर का अर्थ है पेट। उदर को ऊन रखना, खाने में कमी करना ऊनोदरी तप है। ऊनोदरी का यही अर्थ अधिक प्रचलित है। जैन धर्म में ऊनोदरी के दो प्रकार बतलाए गए हैैैं -पहला द्रव्य अवमोदरिका एवं दूसरा भाव अवमोदरिका। यहां अवमोदरिका का भी तात्पर्य है अल्पीकरण अथवा संयम। द्रव्य अवमोदरिका का अर्थ है उपभोग में आने वाले द्रव्यों -भौतिक पदार्थों का संयम करना। भाव अवमोदरिका का संबंध हमारे अंतर्जगत से है, भावों (इमोशन्स) से है, निषेधात्मक भावों (नेगेटिव एटिच्यूड्स) के नियंत्रण से है। यह अवमोदरिका जहां जैन तपोयोग का एक अंग है, वहीं अनेक व्यावहारिक समस्याओं का समाधान भी है। कुछ लोग अनावश्यक खाते हैं, मौज उड़ाते हैं और बीमारियों को अपने घर (शरीर) में लाकर उन्हें रहने का निमंत्रण देते हैं। कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें क्षुधा शांति के लिए पर्याप्त खाद्य सामग्री भी नहीं मिलती। वे कष्ट का जीवन जीते हैं। अति भाव और अभाव की इस स्थिति में संतुलन हो जाए, तो दोनों ओर की समस्या का समाधान हो सकता है। इसी प्रकार वस्त्र, मकान, यान-वाहन आदि की बहुलता और अभाव की स्थितियां हैं। लड़का भर पेट भोजन कर उठा ही था कि मित्र के घर से प्रीतिभोज में भाग लेने के लिए निमंत्रण मिला। वह अपने वृद्ध पिता के पास जाकर बोला , पिता जी ! खाना इतना खा लिया है कि सांस भी नहीं ली जा रही। अब और भोजन के लिए निमंत्रण है। आप बताएं क्या करूं ? पिता ने कहा , पुत्र ! प्राणों की चिंता मत करो , जाओ भोजन करो। मुफ्त का भोजन कभी कभी  मिलता है ? शरीर तो अगले जन्म में फिर मिल जाएगा। पिता की यह व्यंग्य प्रेरणा उपभोक्तावादी संस्कृति में पलने वालों के लिए एक बोध - पाठ है। भाव अवमोदरिका , द्रव्य अवमोदरिका से कहीं अधिक मूल्यवान है। उसके उतने ही प्रकार हो सकते हैं , जितने मनुष्य के निषेधात्मक भाव होते हैं , जैसे क्रोध , लोभ , अहंकार आदि। एक बहुभोजी व्यक्ति संत के पास गया और बोला , आप अनुभवी हैं , बताइए मैं कौनसी दवा लूं जिससे भोजन ठीक तरह से पच जाए ? संत ने कहा , जब तक एक दवा नहीं लोगे ,और दवा क्या काम करेगी ? वह दवा है ऊनोदरी। तुम ज्यादा खाते हो और पाचन - क्रिया को खराब करते हो। ऊनोदरी करो , कम खाओ , पाचन के लिए यह सर्वश्रेष्ठ दवा है। ऊनोदरी जहां शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है , वहीं आध्यात्मिक साधना में भी सहायक है। दिगंबर साहित्य में कहा गया है - क्षमा , मुक्ति आदि दस धर्मों की साधना , आराधना , योग , स्वाध्याय और इंद्रिय नियंत्रण में ऊनोदरी तप सहायक बनता है। साधु का जीवन निश्चिंतता और अनिश्चितता का जीवन है। निश्चित इस रूप में कि वहां कोई चिंता नहीं होती। भिक्षा में कल क्या मिलेगा ? यह चिंता साधु नहीं करता। आज जो उपलब्ध है , उसी में संतुष्ट रहता है। अनिश्चितता इस रूप में कि मुनि को कभी सरस , कभी विरस , कभी ठंडा और कभी गरम , कभी पर्याप्त और कभी अपर्याप्त भोजन मिलता है। मुझे स्मरण है , भिक्षा में आहार कम उपलब्ध होने पर एक हमारे स्थविर संत बहुधा एक सूत्र दोहराया करते थे , थोड़े में गुण घणां - कम में बहुत गुण होते हैं। आहार कम होगा तो ऊनोदरी तप होगा , पाचन क्रिया ठीक रहेगी। वस्त्र कम हैं तो उसके साज - संभाल में समय कम लगेगा। बातों की आदत कम है तो स्वाध्याय और ध्यान में अधिक संलग्नता होगी। द्रव्य अवमोदरिका के भी दो प्रकार हैं - पहला है उपकरण द्रव्य अवमोदरिका एवं दूसरा भक्तपान अवमोदरिका। वस्त्र , पात्र आदि उपकरणों का संयम करना उपकरण द्रव्य अवमोदरिका है। एवं खान - पान में संयम करना भक्तपान द्रव्य अवमोदरिका है।खाद्य का हमारे मन मस्तिष्क पर भी असर होता है एक कहावत है " जेसा खाये अन्न वेसा होइए मन " 
अर्थात खाना भी हमे सात्विक  खाना ही खाना चाहिए सात्विक खाने के साथ हमे यह भी ध्यान रखना चाहिए हमे जितनी भूख हो उससे कुछ कम खाये जिससे खाने के कम से कम 1 घंटे बाद पानी के लिए जगह बची हुई रहे साथ मे खाना हमे एक जगह बेठकर खाने के बीच मे पानी  नहीं पीना व खाते समय यह ध्यान रहे मोनव्रत रखते हुए खाने को इतना चबाये की जेसे हम खा नहीं पी रहे है अर्थार्त खाने को पियो ओर पानी को खाओ ( पानी बेठकर एक एक घूंट पीना चाहिए इन सभी संयम को हम खाध्य संयम के रूप मे ले सकते है     
    

Wednesday, 5 September 2018

कन्या भ्रूण हत्या एक अभिशाप - उत्तम जैन ( विद्रोही )

                            एक पीड़ा - कन्या भ्रूण हत्या एक अभिशाप - उत्तम जैन ( विद्रोही )

                   

                             
                                   
               मेरी हत्या न करो माँ - मैं तेरा ही अंश हूँ माँ                                      पिताजी को समझा दो माँ   - पिताजी को मना लो माँ

कन्या भ्रूण हत्या के रूप में हम अपनी जल्लाद मानसिकता के साथ सांस्कृतिक पतन की सूचना संसार को दे रहे हैं। यह महापाप है। अक्सर इसके लिए स्त्रियों को जिम्मेदार ठहराकर "स्त्री ही स्त्री की दुश्मन है" वाला रटा रटाया फार्मूला सुनते है। सच तो यह है कि हम पुरुषो ने भ्रूणहत्या में अपने दोष को कभी देखा ही नही या देखकर खुद को नजर अंदाज कर दिया है ! पुरुष प्रधान भारतीय समाज में सक्षम स्त्री भी हर फैसले के लिए पुरुष का मुंह ताकती हैं। वह प्रणय क्रीड़ा में सहभागी होना चाहती है या नहीं, गर्भ निरोधक इस्तेमाल करे या ना करे, कितने बच्चों को कब जन्म दे, वे लड़के होंगे या लड़कियां, उन्हें शिक्षा कहां और कितनी देनी हैं- ये सब पुरुष तय करता है। जहां स्त्री का अपनी देह पर अधिकार नहीं होगा वहां कन्या भ्रूण हत्या तो होगी ही। अधिकांश मामलों में स्त्री विवश कर दी जाती है और न करने की स्थिति में उसका जीना हराम कर दिया जाता है। कन्या भ्रूण हत्या के लिए पुरुष ही पूर्णत: जिम्मेदार हैं। मरने के मुखाग्नि देने, तर्पण करने, वंशवृद्धि और संपत्ति के उत्तराधिकार के लिए कुलदीपक" अर्थात् पुत्र की चाह होती है। चाहे उसके कारनामे कुल-काजल क्यों न हों। पुरुष, पुत्रजन्म को अपनी मर्दांनगी से जोड़ते हैं। कन्या भ्रूण हत्या 21वीं सदी के माथे पर कलंक है। स्त्री के अस्तित्व को गर्भ में ही नष्ट करने का कुकृत्य हो रहा है। "प्राइवेट क्लिनिक" कुकुरमुत्ते की तरह उग आये हैं जो समाज की इस रुग्ण मानसिकता को अपने हक में भुनाकर चांदी काट रहे हैं। मुख्यतया सभी समाज में तो दुल्हनें अन्य समाज से "आयात" करनी पड़ रही हैं। कही परिवार तो ऐसे जहां राखी बांधने के लिए बहनें ही नहीं हैं।
स्त्री पुरुषों का अनुपात, खतरनाक रूप से असन्तुलित हो चुका है। प्रकृति के साथ यह क्रूर मजाक समाज पर ही भारी पड़ रहा है। जिस समाज की नैतिक चेतना सदियों से कुभकर्णी नींद में हो, उसे जगाने के लिए आज पुन: ढोल-नगाड़ों की जरूरत है। केवल कानून बनाना जरूरी नहीं, उसे सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। गैरसरकारी सामाजिक संगठनों से भी सन्देश पहुंचना चाहिए। शिक्षक ही नहीं, धर्म गुरु भी इसमें अपनी भूमिका तय करें, शास्त्रों में ईश्वर को "त्वं स्त्री" कहकर नारी रूप में आराधना की गई हैं, क्योंकि नारी अपनी सीमाओं में संपूर्णता की वाहक है।सामाजिक रूढ़ियां, पूर्वाग्रह, दहेज, शिक्षा-ब्याह पर होने वाला खर्च (क्योंकि लड़की को दूसरे घर जाना होता है) और असामाजिक आचरण से उसकी रक्षा, ऐसे कई कारण हैं जो कन्या भ्रूण हत्या के गर्भ में हैं। कन्या को मार दो और जिन्दगी भर के लिए बिंदास हो जाओ- पर इस नीच वृत्ति के लोग यह नहीं सोचते कि उनकी अगली पीढ़ी को शादी के लिए लड़कियां कहां से मिलेंगी। वे स्वयं भी तो किसी स्त्री से जन्मे हैं। कन्या भ्रूण हत्या के रूप में वे आत्मघात ही कर रहे हैं।
हमें बेटी को पराया धन और बेटे को कुल दीपक की मानसिकता से ऊपर उठने की जरूरत है। यह सोचा जाना भी आवश्यक है कि भ्रूण हत्या करके हम किसी को अस्तित्व में आने से पहले ही खत्म कर देते हैं। आज के दौर में बेटीयां बेटे से कमतर नहीं है। इस गलत परम्परा को रोकने के लिये हम सभी को मिलकर तेजी से अभियान चलाना होगा। सरकारी सहयोग की अपेक्षा हमें नही करनी चाहिये। इस मामले में कानून भी लाचार सा ही दिखता है। जाँच सेन्टरों के बाहर बोर्ड पर लिख देने से कि "भ्रूण जाँच किया जाना कानूनी अपराध है।" उन्हें इसका भी लाभ मिला है। जाँच की रकम कई गुणा बढ़ गई। रोजाना गर्भपात के आंकड़े चौकाने वाले बनते जा रहे हैं, चुकिं भारत में गर्भपात को तो कानूनी मान्यता है, परन्तु गर्भाधारण के बाद गर्भ के लिंक जाँच को कानूनी अपराध माना गया है। यह एक बड़ी विडम्बना ही मानी जायेगी कि इस कानून ने प्रचार का ही काम किया। जो लोग नहीं जानते थे, वे भी अब गर्भधारण करते वक्त इस बात की जानकारी कर लेते हैं कि किस स्थान पर उन्हें इस बात की जानकारी मिल जायेगी कि होने वाली संतान नर है या मादा। धीरे-धीरे लिंगानुपात का आंकड़ा बिगड़ता जा रहा है। यदि समय रहते ही हम नहीं चेते तो इस बेटे की चाहत में हर इंसान जानवर बन जायेगा। भले ही हम सभ्य समाज के पहरेदार कहलाते हों, पर हमारी सोच में भी बदलाव लाने की जरूरत है !
उत्तम जैन(विद्रोही)
vidrohiawaznews@gmail.com
mo-8460783401
नोट - मेरे इन विचारो से आप अगर प्रभावित है ! और इन विचारो से आप सहमत है तो बिना कांट छांट किये व् लेखक का नाम हटाये बिना श्योसल मिडिया ( व्ह्ट्स अप , फेसबुक , ट्विटर , अपने समाचार पत्रों में जरुर स्थान दे / फोरवर्ड करे ! अगर कुछ दो चार महानुभाव भी भ्रूण हत्या नही करेगे तो मेरा लेखन सफल हो जायेगा 

Tuesday, 4 September 2018

वर्तमान की शिक्षा प्रणाली - पीड़ा विद्रोही की

वर्तमान की शिक्षा प्रणाली - पीड़ा विद्रोही की

                                               
देश को बदलना है तो शिक्षा का प्रारूप बदलो- 
                                                         उत्तम जैन (विद्रोही ) 
आज एक पुस्तक पर मेरी नजर पड़ी जिसमे लिखा था --जिस शिक्षा से हम अपने जीवन का निर्माण कर सके , मनुष्य बन सके , चरित्र गठन कर सके और विचारो का सामंजस्य कर सके वही वास्तव में शिक्षा कहलाने योग्य है ... स्वामी विवेकानन्द की यह पंक्तिया आज मेने एक जब पढ़ी कुछ दिनों पूर्व की शिक्षा से जुडा मेरा मानसिक तनाव कहू या या मेरी शिक्षा की वर्तमान प्रणाली पर मेरा चिंतनीय विषय ने मुझे लिखने को मजबूर कर दिया ! क्यों की चंद दिनों पूर्व ही मेरा पुत्र 12 वि में वाणिज्य संकाय में गुजरात बोर्ड में अपेक्षितअंको/ प्रतिशत से कम 51 प्रतिशत ही प्राप्त कर पाया ! मे व् मेरे पुत्र को मानसिक तनाव तो परिणाम आने के बाद बढ़ ही गया था क्यों की मेरा पुत्र B.B.A में दाखला लेना चाहता था मगर परिणाम के प्रतिशत को देखते हुए वीर नर्मद यूनिवर्सिटी से पहले व् दुसरे चक्र में उसका नाम किसी महाविद्यालय में नामित नही हुआ ! वर्तमान में आज के हताश विद्यार्थी के आत्महत्या के किस्से सुन में डर के मारे अपने पुत्र को प्रतिदिन होंसला देता रहता था चिंता न करो दाखला हो जायेगा ! पुत्र को चिंतित देख में खुद मानसिक तनाव में था ! खुद पहुच गया स्वयं निर्भर(सेल्फ फायनेंस ) महाविद्यालय में जहा दूसरी यूनिवर्सिटी से M.M.A नामक कोई कोर्स जिसे 5 वर्ष में पूर्ण करने पर B.B.A व् M.B.A की ऐसी ही कुछ डिग्री मिलेगी ! मरता क्या न करता दाखला लेने को तेयार हुआ और मुझे बताया गया 1 लाख डोनेशन प्रवेश के लिए व् प्रति सेमेस्टर (छह माह ) फीस ३१५०० /- भुगतान करना पड़ेगा ! मुझ जेसे साधारण व्यक्ति के सामने आँखों के आघे अँधेरा छा गया ! मुह लटकाकर बिना कुछ बोले जेहन में एक दर्द लेकर बाहर निकला ! 
अब मानस पटल पर मेरे विचार शिक्षा पर आये प्रेषित ---- 
शिक्षा का व्यवसायीकरण या बाजारीकरण आज देश के समक्ष बड़ी चुनौती हैं ! किसी भी समस्या का  समाधान चाहते है तो उसकी जड़ में जाने की आवश्यकता होती है। शिक्षा में वर्तमान का व्यवसायीकरण का कारण क्या है? उसका समाधान क्या हो? कुछ लोग ऐसा भी तर्क देते है कि शिक्षा का विस्तार करना है या सर्वसुलभ कराना है तो मात्र सरकार के द्वारा संभव नहीं है, निजीकरण आवश्यक है और जो व्यक्ति शिक्षा संस्थान में पैसा लगायेगा वह बिना मुनाफे क्यों विद्यालय,महाविद्यालय खोलेगा?यह तर्क भी बिल्कुल सही है कुछ लोग इससे भी आगे बढ़कर कहते है कि देश की शिक्षा का विस्तार एवं विकास करने हेतु विदेशी शैक्षिक संस्थाओं के लिए द्वारा खोलने चाहिए। वैश्वीकरण के युग में इसको रोका नहीं जा सकता आदि प्रकार के विभिन्न तर्क दिये जा रहे है। यह सारे तर्क तथाकथित सभ्रांत वर्ग के द्वारा ही दिये जाते है। अगर मुख्य मुद्दे पर नजर डाली जाये तो पूर्व में शैक्षिक संस्थाए या तो सीधे तोर पर सरकार चलाती थी या सरकार के अनुदान से संस्थाएं चलती थी। विद्यार्थियों का निष्चित शुल्क शिक्षकों का निष्चित वेतन एवं संस्था चलाने हेतु अनुदान जैसी व्यवस्थाए बनी।

कुछ समय के बाद सरकारी शैक्षिक संस्थाओं के स्तर में लगातार गिरावट आती गई। इस कारण से निजी विद्यालयों का आकर्षण बढ़ा शुरू में अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में वस्तुओं के रूप में दान लेना शुरू हुआ। आगे जाकर छात्र से बड़ी मात्रा में दान लेना, शिक्षकों की निुयक्ति में पैसा लेना और कम वेतन देना शुरू हुआ। विद्यालयों में शिक्षा के स्तर गिरने से ट्यूशन प्रथा प्रारम्भ हुई। क्रमशः शिक्षा का स्वरूप धन्धे जैसा बनने लगा।यह सब कार्य शासन-प्रशाासन एवं शिक्षा माफियाओं की मिलीभगत से होने लगे। जिसका आज इस प्रकार विभत्स स्वरूप बन गया कि शिक्षा यह सब्जी मंडी का बाजार जैसे हो गई है । आज अराजकता का माहौल है। शुल्क न भर सकने के कारण छात्र आत्महत्याएं कर रहे है। अभिभावक इस हेतु गलत कार्य करने को मजबूर है। एक प्रकार से व्यवसायिक उच्च-शिक्षा उच्च मध्यम वर्ग या उच्च वर्ग को छोड़कर अन्य किसी भी वर्ग के बस की बात नही रही। प्रष्न उठता है इस प्रकार के लगभग 20 प्रतिशत वर्ग को छोड़कर 80 प्रतिशत वर्ग के बच्चे प्रतिभावन नहीं है क्या? इससे देश की प्रतिभाएं भी कुठित हो रही है। इन सारी परिस्थितियों के कारण वर्तमान में शिक्षा का मात्र बजारीकरण नहीं हुआ है। एक प्रकार से अतिभ्रष्ट व्यापार हो गया है। इस प्रकार की शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र किस प्रकार के निर्माण होगे? और इस प्रकार के छात्र देश के विभिन्न क्षेत्रों का नेतृत्व करेंगे तब देश का चरित्र कैसा बनेगा? यह बड़ा प्रश्न है। देश में भ्रष्टाचार, अनाचार, चरित्र-हीनता बढ़ रही है उसकी चिंता करने से कुछ परिणाम नहीं होगा। जब तक शिक्षा का बाजारीकरण नहीं रूकेगा तब तक बाकी सारी गलत बातें बढ़ना स्वाभाविक है। देश की सभी समस्याओं की जड़ वर्तमान शिक्षा है। इसके लिए कुछ मेरे समाधान हेतु सुझाव की शिक्षा प्रणाली केसी हो -शिक्षा के व्यापारीकरण, बाजारीकरण को रोकने हेतु केन्द्र सरकार कानून बनाये।
1. शिक्षा में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगे।
2 .विदेशी विश्वविद्यालयों के लिए भारत के शैक्षिक संस्थानों से भी कड़े कानून हो। उनका प्रत्ययायन एवं मूल्यांकन उस देश में तथा भारत में भी हो । अपने देश की विशेषकरके सरकारी शैक्षिक संस्थानों की गुणवत्ता सुधार हेतु ठोस योजना बनें।
३. उच्च शिक्षा विशेषकरके व्यवसायी उच्च शिक्षा को मात्र निजी भरोसे पर न छोड़ा जाए। सरकार के द्वारा भी नये शैक्षिक संस्थान शुरू करने की योजना बनें।
शिक्षा की भारतीय संकल्पना को पुनः स्थापित करने हेतु प्रयास किये जाएं।
शिक्षा मात्र सरकार का दायित्व न होकर समाज भी अपने दायित्व का निर्वाह करें।..... सुझाव तो बहुत है मगर सिर्फ ३ सुझाव पर भी ध्यान दे दिया जाये तो शिक्षा जगत में काफी परिवर्तन हो सकता है 
उत्तम जैन (विद्रोही ) 
मो- ८४६०७८३४०१

Sunday, 2 September 2018

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर विशेष - पर्वाें एवं संस्कारों का अद्भुत देश है भारत - उत्तम जैन (विद्रोही )

हमारा देश पर्वाें एवं संस्कारों का अद्भुत देश है 
लेखक - उत्तम जैन ( विद्रोही ) 8460783401   

भारतवर्ष पर्वाें व संस्कारों का देश है। यदि किसी से यह प्रश्न किया जाये कि ऋषियों की मानव जाति को दी देनों में सबसे महत्वपूर्ण चीज क्या है? तो समझदारों का उत्तर होगा- पर्व एवं संस्कार। माँ के गर्भ में आने से लेकर मरणोत्तर जीवन तक की विभिन्न अवस्थाओं को ऋषियों द्वारा संस्कारों से बांधा गया, वहीं जीवन में विविध रंग भरने हेतु अनके पर्वाें एवं त्यौहारों की संरचना की गयी। जहाँ संस्कार साधारण जीवन को असाधारण बना देते हैं, वहीं पर्व मानव जीवन में विभिन्न रसों के साथ उत्साह व उल्लास के अनेक रंग भर देते हैं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व एक ऐसा ही पर्व है। महाबली अर्जुन को भ्रम जंजालों से छुड़ाकर कर्मयोग में प्रवृत्त करने वाले श्रीकृष्ण का जीवन न केवल महाभारत के घटनाक्रमों की दृष्टि से ही, वरन् भारतीय दर्शन में उन दिनों चल रहे अवसाद को तेजी से बदलने की दृष्टि से भी अत्यन्त क्रान्तिकारी कहा जा सकता है। उनका सम्पूर्ण जीवन दुर्घुर्षु संघर्षाें से भरा रहा। शायद ही कोई महापुरुष या अवतार ऐसा आया हो, जिसके जन्म के पहले से ही अनेक शत्रु मौजूद हों। श्रीकृष्ण के जन्म (अवतरण) के पूर्व से महाबली शत्रुओं द्वारा उनको समाप्त करने की प्रतीक्षा की जा रही थी। बालक कृष्ण ने माँ की गोद से ही न केवल उन शत्रुओं के आघातों को झेला, वहीं उन्होंने अपनी दिव्य शक्तियों का परिचय देते हुए लोक के प्रति अपकारी लोगों का विनाश किया। फलतः धरती राक्षसी तत्वों से मुक्त हुई और दैवीय तत्वों की स्थापना हुई। महाभारत का इतिहास प्रसिद्ध प्रकटीकरण उनके इन्हीं संघर्षाें तथा दैवीय वातावरण की वापसी का एक प्रयास था।
आगामी मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व है। भगवान कृष्ण के प्रति श्रद्धाभिव्यक्ति तथा उनसे उनके जीवन से प्रेरणा प्राप्त करने के लिए देश-विदेश में ढेरों सामूहिक आयोजन भाद्रपद, कृष्ण पक्ष-अष्टमी को किये जाते हैं। उधर गीता जयन्ती (मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष-एकादशी) पर भी इसी विधि-विधान से भारतवर्ष का धार्मिक एवं बौद्धिक जगत श्रद्धा-आयोजन करता है। भगवान कृष्ण के व्यक्तित्व और उनके जीवन दर्शन ‘गीता’ को भिन्न-भिन्न मानकर नहीं चला जा सकता है। दोनों एक दूसरे से गुथे हुए हैं। समाज का उत्तरदायित्व है कि इन पर्वाेेेेेें को प्रेरक बनाया जाए। भगवान श्रीकृष्ण के बाल्य जीवन पर बहुत चर्चाएँ हुई हैं और होती हैं, लेकिन उनके द्वारा द्वापर युग में किये गये अनेक कार्याें को सामने नहीं लाया गया। वह मानव जीवन में समग्र सन्तुलन के अनूठे उदाहरण हैं।
जिन दिनों त्याग-वैराग्य की हवा जोरों से चल रही थी और ईश्वर भक्ति व आत्म कल्याण जैसे महान लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए गृह-त्याग, एकांतवास, सन्यांस-धारण, भिक्षाचरण, कायाकष्ट जैसे क्रिया-कलाप ही अपनाये जाने लगे थे और चहुंओर उसी का प्रचलन एक परम्परा बन गया था, जब प्रतिभावान विभूतियाँ सांसारिक एवं सामाजिक कर्तव्यों की उपेक्षा करने और केवल आत्म-लाभ में समय लगाती थीं; फलतः सारा समाज दुर्बल और अस्त-व्यस्त होता चला जा रहा था, तब भगवान कृष्ण ने अर्जुन के माध्यम से समस्त मानव जाति को प्रखर सन्देश दिया कि आत्म कल्याण एवं ईश्वर प्राप्ति के लिए सर्वांगपूर्ण साधना ‘कर्मयोग’ से ही हो सकती है। भावनाओं को निस्वार्थी, उदात्त एवं परमार्थपरक बनाते हुए लोकमंगल के लिए किये गये सभी कर्म योग-साधना एवं तपश्चर्या की श्रेणी में उन्होंने न केवल रख दिये, बल्कि बड़ी सुदृढ़ता के साथ स्थापित भी कर दिये। श्रीमदभगवदगीता को दुनिया ने समझा और अपनाया। इससे लोगों का आत्म-कल्याण तो हुआ ही, लोकमंगल का बड़ा व सार्थक उद्देश्य भी पूरा हुआ। भगवान ने यह अवधारणा स्थापित कर दी कि व्यक्तिगत जप-तप तक सीमित न रहकर लोकहित के क्रियाकलापों को पूर्णतः का लक्ष्य प्राप्त करने का माध्यम बनाया जाना चाहिए।
इसलिए मैं कहा करता हूँ कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजनों को और विस्तार देने तथा गीतादर्शन को वर्तमान समाज में प्रतिष्ठित करने की महती आवश्यकता है। गीता में भगवान ने अर्जुन को अपने विराट् रूप का दर्शन कराते हुए बताया कि यह प्रत्यक्ष विश्व ही मेरा साकार रूप है। इस संसार को सुन्दर, सुविकसित, समुन्नत और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जो प्रयत्न किसी व्यक्ति द्वारा किये जाते हैं, उन्हें मैं श्रेष्ठतम ईश्वर-आराधना के रूप में मानता और स्वीकार करता हूँ। श्रीकृष्ण ने कर्म करने की उत्कृष्ट मनोवैज्ञानिक शैली को भी उभारा और कहा कि ऊँचा लक्ष्य रखते हुए भी तथा शक्ति भर प्रयत्न करते हुए भी सफलता पूर्णतया निश्चित नहीं रहती। परिस्थितियाँ भी अपना काम करती हैं और कई बार व्यक्ति को असफलता के निकट जा पटकती हैं। कर्मयोगी इस असफलता के आघात को सहकर कहीं उदास न हो जाये एवं अपना साहस व प्रयास न गवाँ दे, इससे बचने के लिए श्रीकृष्ण ने कर्मयोग को एक मनोवैज्ञानिक मोड़ दिया कि मानव श्रेष्ठ कर्म करने भर को सन्तोष, गौरव, उल्लास एवं श्रेय को केन्द्र बिन्दु माने। कर्म को कुशलता के साथ किया गया, उसमें पूरी तत्परता बरती गयी इसी को अपनी मानसिकता एवं साहसिकता की सफल अभिव्यक्ति माना जाये और कर्मफल को गौड़ समझा जाये। उन्होेंने कर्मयोग दर्शन में सफलता की परिभाषा और सन्तोष का कार्य बिन्दु भी बदला, ताकि अनाचारी लोगों द्वारा अनुचित मार्ग पर चलकर प्राप्त की गयी सफलताओं की ओर सदाचारी लोगों का जी न ललचाये। उन्होंने कर्मयोग का ऐसा दर्शन दिया जिससे कर्मयोगी मानसिक असन्तुलन से बच सके।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महान पर्व पर गीता के विविध दर्शनों को समझा ही जाना चाहिए। गीता के श्लोकों में ऐसे अनगिनत सन्दर्भ भरे पड़े हैं। भगवान की वे प्रकाश किरणें हमारे अन्तःकरण को थोड़ा सा भी छू सकें, तो हम-सब जीवन रंगमंच के सफल अभिनेता तो बन ही सकते हैं, वरन् दिग्भ्रांत जन-समाज का सशक्त मार्गदर्शन कर सकने वाले अद्भुत लोकनेता भी बन सकते हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर मैं मानव समाज से कहना चाहूँगा कि जीवन का लक्ष्य कभी भी छोटा न बनाना। अपने लक्ष्य को हमेशा बड़ा रखिये। जिस व्यक्ति को जितनी दूर तक यात्रा पर जाना होता है, वह उतनी ही बड़ी सोच और समझ के साथ बड़ी तैयारी करता है। जिस मनुष्य को बहुत आगे पहुँचना होता है वह काफी दिन पहले से ही तैयारी में लग जाता है। उसे अपने समय से लेकर अपनी शक्ति तक अपने मन, बुद्धि से लेकर धन आदि सम्भावित साधन-सुविधाओं तथा सहयोग सभी को नापना व तौलना पड़ता है, क्योंकि परीक्षा के लिए तैयारी पहले से कर ली जाये, तो परीक्षा आसान हो जाती है।

क्रांतिकारी मुनि तरुण सागर जी जीवनी व अवदान


तुम्हारी वजह से कोई इ्ंसान दुखी रहे अगर तुम्हारी वजह से कोई इ्ंसान दुखी रहे तो समझ लो ये तुम्हारे लिए सबसे बड़ा पाप है, ऐसे काम करो कि लोग तुम्हारे जाने के बाद दुखी होकर आसूं बहाए तभी तुम्हें पुण्य मिलेगा।

जैन मुनि तरुण सागर जी 1 सितंबर 2018  शनिवार को निधन हो गया। 20 दिन पहले उन्हें पीलिया होने के बाद दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था लेकिन उनकी सेहत में सुधार नहीं हुआ। कुछ दिन से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। 
मुनि श्री तरुण सागर जी महाराज का परिचय --- 
पूर्व नाम : श्री पवन कुमार जैन

जन्म तिथि : २६ जून, १९६७,
ग्राम : गुहजी (जि.दमोह ) म. प्र.
माता-पिता : महिलारत्न  श्रीमती शांतिबाई जैन व  श्रेष्ठ श्रावक श्री प्रताप चन्द्र जी जैन
लौकिक शिक्षा : माध्यमिक शाला तक
गृह - त्याग :८ मार्च , १९८१
शुल्लक दीक्षा : १८ जनवरी , १९८२, अकलतरा ( छत्तीसगढ़) में
मुनि- दीक्षा : २० जुलाई, १९८८, बागीदौरा (राज.)
दीक्षा गुरु : यूगसंत आचार्य पुष्पदंत सागर जी
लेखन : हिन्दी
बहुचर्चित कृति : मृत्यु- बोध
मानद-उपाधि : 'प्रज्ञा-श्रमण (आचार्यश्री पुष्पदंत सागरजी द्वारा प्रदत)
प्रख्यायती : क्रांतिकारी संत कीर्तिमान : आचार्य भगवंत कुन्दकुन्द के पश्चात गत 2000 वर्षो के इतिहास मैं मात्र १३ वर्स की वय में जैन
सन्यास धारण करने वाले प्रथम योगी |
रास्ट्र के प्रथम मुनि जिन्होंने लाल किले दिल्ली से सम्बोधन .टी.वी. के माध्यम से भारत सहित १२२ देशों में महावीर - वाणी ' के विश्व -व्यापी प्रसारन की ऐतिहासिक सुरुआत करने का प्रथम श्रेय

मुख्य - पत्र : अहिंसा - महाकुम्भ (मासिक)
आन्दोलन : कत्लखानों और मांस -निर्यात के विरोध में निरंतर
अहिंसात्मक रास्ट्रीय आन्दोलन

सम्मान : ६ फरवरी ,२००२ को म.प्र. शासन द्वारा' राजकीय अतिथि ' का दर्जा
२ मार्च , २००३ को गुजरात सरकार द्वारा ' राजकीय अतिथि 'का सम्मान

साहित्य :तीन दर्जन से अधिक पुस्तके उपलब्ध और उनका हर वर्ष दो लाख प्रतियो का प्रकाशन
रास्ट्रसंत : म. प्र. सरकार द्वारा २६ जनवरी , २००३ को दशहरा मैदान , इन्दोर में
संगठन : तरुण क्रांती मंच .केन्द्रीय कार्यालय दिल्ली में देश भर में इकाईया
प्रणेता : तनाव मुक्ति का अभिनव प्रयोग ' आंनंद- यात्रा ' कार्यक्रम के प्रणेता
पहचान : देश में सार्वाधिक सुने और पढ़े जाने वाले तथा दिल और दिमाग को झकजोर देने
वाले अधभुत .प्रवचन
अपनी नायाब प्रवचन शैली के लिए देसभर में विखाय्त जैन मुनि के रूप में पहचान
मिशन : भगवान महावीर और उनके सन्देश " जियो और जीने दो " का विश्व व्यापी प्रचार प्रसार एवम जीवन जीने की .... 

गुलाब कांटों में भी हंसता है गुलाब कांटों में भी हंसता है इसलिए लोग उसे प्रेम करते हैं, तुम भी ऐसे काम करो कि तुमसे नफरत करने वाले लोग भी तुमसे प्रेम करने पर विवश हो जायें।
कड़वे प्रवचनों की वजह से ही क्रांतिकारी संत कहा जाता था :  ‘‘मुनिश्री अपने कड़वे प्रवचनों के लिए प्रसिद्ध रहे। इसी वजह से उन्हें क्रांतिकारी संत भी कहा जाता था। वहीं, कड़वे प्रवचन नामक उनकी पुस्तक काफी प्रचलित है। समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने में उन्‍होंने काफी प्रयास किए।’’ मुनिश्री मध्यप्रदेश और हरियाणा विधानसभा में प्रवचन भी दे चुके थे।   
कड़वे वचन ---- 
1. हंसते मनुष्य हैं कुत्ते नहीं

हंसने का गुण सिर्फ मनुष्यों को प्राप्त है इसलिए जब भी मौका मिले जी खोल कर मुस्कुराइए। कुत्ते चाहकर भी नहीं मुस्कुरा सकते हैं। 

2. किसी को बदल नहीं सकते हैं
परिवार में आप किसी को बदल नहीं सकते हैं लेकिन आप अपने आप को बदल सकते हैं, आप पर ही आपका पूरा अधिकार है। 
3. कन्या भ्रूण हत्या
जिनकी बेटी ना हो उन्हें चुनाव लड़ने का अधिकार नहीं मिलना चाहिए और जिस घर में बेटी ना हो वहां शादी ही नहीं करनी चाहिए। जिस घर में बेटी ना हो उस घर से साधु-संतों को भिक्षा भी नहीं लेनी चाहिए। 
4. धर्म पति तो राजनीति पत्नी
राजनीति को धर्म से ही हम नियंत्रित करते हैं। अगर धर्म पति है तो राजनीति पत्नी। जिस तरह अपनी पत्नी को सुरक्षा देना हर पति का कर्तव्य होता है वैसे ही हर पत्नी का धर्म होता है कि वो पति के अनुशासन को स्वीकार करे। ठीक ऐसा ही राजनीति और धर्म के बीच होना चाहिए। क्योंकि बिना अंकुश के हर कोई बेलगाम हाथी की तरह होता है। 
5. आपके नोट नहीं खोट चाहिए
मैं आपकी गलत धारणाओं पर बुलडोजर चलाऊंगा। आज का आदमी बच्चों को कम, गलत धारणाओं को ज्यादा पालता है। इसलिए वह खुश नहीं है। इसलिए मुझे आपके नोट नहीं, आपके खोट चाहिए। 
6. दूसरे की प्रार्थना किसी काम की नहीं
तुम्हारी वजह से जीते जी किसी की आंखों में आंसू आए तो यह सबसे बड़ा पाप है। लोग मरने के बाद तुम्हारे लिए रोए, यह सबसे बड़ा पुण्य है। इसीलिए जिंदगी में ऐसे काम करो कि, मरने के बाद तुम्हारी आत्मा की शांति के लिए किसी और को प्रार्थना नहीं करनी पड़े। क्योंकि दूसरों के द्वारा की गई प्रार्थना किसी काम की नहीं है। 
लाल किले से प्रवचन
2000 में जैन मुनि तरुण सागर ने लाल किले से प्रवचन दिया था
2000 में हरियाणा, 2001 में राजस्थान, 2002 में मध्य प्रदेश से भी प्रवचन दिया
2003 में गुजरात और 2004 में महाराष्ट्र में भी प्रवचन दिया
प्रगतिशील जैन मुनि का दर्जा
2006 में कर्नाटक के बेलगावी से 65 दिन की पैदल यात्रा करने के बाद तरुण सागर श्रवणबेलगोला में महा मस्तक अभिषेक समारोह में पहुंचे। हिंसा, भ्रष्टाचार और रूढ़िवाद की आलोचना के चलते उन्हें प्रगतिशील जैन मुनि का दर्जा मिला। इसके बाद उनके भाषणों को कड़वे प्रवचन कहा जाने लगा। 
2012 में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें तरुण क्रांति पुरस्कार से सम्मानित किया
तरुण सागर को उनके कड़वे प्रवचनों के लिए जाना जाता था। वे अपने अनुयायियों को जो प्रवचन देते थे उन्हें कड़वे प्रवचन कहते थे। इन प्रवचनों में तरुण सागर समाज में मौजूद कई बुराइयों की तीखे शब्दों में आलोचना करते थे। उनके प्रवचनों की किताब भी ‘कड़वे प्रवचन’ नाम से प्रकाशित की जाती है।
जैन मुनि तरुण सागर के ग्रहस्थ जीवन की खास बातें--- 
जैन मुनि की बहन माया जैन ने बताया कि तरुण सागर बचपन से ही धार्मिक थे। शरारत के साथ-साथ धर्म में उनकी बचपन से आस्था रही है। आचार्य विद्यासागर से ब्रह्मचर्य की दीक्षा लेने के बाद वह वापस पीछे मुड़कर नहीं देखा। आचार्य पुष्पदंग सागर ने उन्हें मुनि दीक्षा दी। तभी से वह जनसंत बन चुके थे। भगवान महावीर के आदर्शों पर चलते हुए मुनि तरुण सागर ने समाज को नई दिशा दिखाने का काम किया है। उनके ग्रहस्थ जीवन के परिवार में 4 भाई 3 बहन हैं।